किसान आईडी और खाद पर पांवटा में हंगामा, किसानों ने अधिकारियों को दिया 2 दिन का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now


नाहन, 12 अक्टूबर (हि.स.)। किसान आईडी और खाद की किल्लत को लेकर पांवटा साहिब के किसानों का सब्र जवाब दे गया। बीते दिन नारेबाजी के बाद आज एसडीएम कार्यालय में किसान आमने-सामने हुए। एसडीएम द्विज गोयल की अध्यक्षता में कृषि विभाग, राजस्व विभाग और संबंधित अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ किसान संगठनों की संयुक्त बैठक हुई।बैठक में किसानों ने दो टूक कहा - बिजाई सिर पर है, खेत तैयार हैं, लेकिन न खाद मिल रही है और न ही आईडी बन रही है।

किसान सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि पांवटा ब्लॉक में करीब 24 से 25 हजार किसान परिवार हैं, लेकिन अब तक मात्र 8 हजार किसानों की ही फार्मर आईडी बन पाई है। पटवारियों की कमी और पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों के कारण हजारों किसान योजना से बाहर हैं। आईडी नहीं होने से खाद, बीज और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा।किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी सभाओं और निजी दुकानों पर खाद की भारी किल्लत है। सुबह से लाइन में लगने के बाद भी किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

किसान नेता तरसेम सगी ने साफ चेतावनी दी है कि अगर 14 अक्टूबर तक आईडी बनाने के लिए गांव-गांव में कैंप नहीं लगे और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हुई, तो किसान फिर से एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759482 Articles

Share this story