केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बंसल को मिला सेवाविस्तार

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बंसल को मिला सेवाविस्तार


धर्मशाला, 22 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल के सेवाविस्तार के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के बाद प्रो. बंसल फिलहाल एक वर्ष या फिर तब तक कुलपति बने रहेंगे जब तक नए कुलपति की नियुक्ति नही हो जाती। इस बाबत राष्ट्रपति की संस्तुति के बाद केंद्रीय उच्च शिक्षा विभाग के अवर सचिव राजेश कुमार ने बुधवार को आदेश जारी किए हैं।

सीयू के कुलसचिव के नाम जारी पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम, 2009 के नियमों के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, भारत की राष्ट्रपति (जो हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की विजिटर हैं) ने वर्तमान कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल का कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रो. बंसल का कार्यकाल 27 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है। जारी आदेशों के मुताबिक यह कार्यकाल एक वर्ष से अधिक नहीं होगा, या जब तक नया कुलपति नियुक्त नहीं हो जाता या अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो तब तक के लिए बढ़ाया गया है।

गौरतलब है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने 28 जुलाई 2021 को कुलपति का कार्यभार संभाला था। आगामी 27 जुलाई 2026 को उनके कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story