सोलन नगर निगम चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने संभाली प्रचार की कमान

WhatsApp Channel Join Now
सोलन नगर निगम चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने संभाली प्रचार की कमान


सोलन, 09 मई (हि.स.)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्तमान सरकार को 'एक साल का मेहमान' बताते हुए दावा किया कि कांग्रेस केवल झूठ के सहारे टिकी है और चुनाव टालने की हरसंभव कोशिश के बाद अब हार के डर से बौखलाई हुई है । यहाँ तक कि हाईकोर्ट के आदेशों और न्यायपालिका की टिप्पणियों को भी नजरअंदाज करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने सोलन शहर की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तेजी से बढ़ते इस शहर में कांग्रेस शासित निगम कूड़े के ढेर तक नहीं हटा पाई और प्रदेश सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जारी बजट को भी वापस ले लिया, जिससे आधारभूत ढांचे का विकास पूरी तरह ठप हो गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को सोलन नगर निगम चुनाव के मद्देनजर गंज बाजार में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनसंपर्क अभियान और चुनाव प्रचार का बिगुल बजा दिया है ।जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अव्यवस्था और झूठे वादों से त्रस्त हो चुकी है और अब लोकतांत्रिक तरीके से सत्तापक्ष को करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है । क्योंकि भाजपा हमेशा विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ जनता के बीच खड़ी रही है।

उन्होंने पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सोलन, मंडी और पालमपुर को नगर निगम का दर्जा लोगों की मांग पर ही इसी सोच के साथ दिया था कि केंद्र से मिलने वाले बजट के माध्यम से इन शहरों का कायाकल्प किया जा सके, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही विकास की गति रोकने के साथ-साथ मर्ज एरिया के लोगों पर टैक्स का भारी बोझ डाल दिया । जबकि भाजपा ने पांच वर्ष तक रियायत देने का वादा किया था।

जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू जहां भी प्रचार करने जाते हैं, वहां भाजपा को फायदा होता है, जैसा कि बंगाल और असम के चुनाव परिणामों ने सिद्ध कर दिया है । उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने पंचायती राज जैसी लोकतंत्र की सबसे छोटी इकाई को कुचलने का काम किया है और अब झूठे घोषणापत्र के साथ जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है । लेकिन अब समय आ गया है कि विकास की निरंतरता के लिए भाजपा की निगम बनाई जाए ताकि भविष्य में प्रदेश और केंद्र सरकार के समन्वय से सोलन को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके। उन्होंने निगम के सभी 17 प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए जनता से समर्थन मांगा और दावा किया कि अबकी बार सोलन में भाजपा की नगर निगम होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story