मशहूर मंच संचालक एवं सेवानिवृत डीपीआरओ आनंद सोहर का निधन

WhatsApp Channel Join Now
मशहूर मंच संचालक एवं सेवानिवृत डीपीआरओ आनंद सोहर का निधन


मंडी, 30 अगस्त (हि.स.)। मंडी शहर में सांस्कृतिक मंचों की शान रहे मशहूर मंच संचालक एवं सेवानिवृत जिला लोकसंपर्क अधिकारी आनंद सोहर का निधन हो गया। बिलासपुर निवासी आनंद सोहर मंडी जिला मुख्यालय में लंबे समय तक एपीआरओ के पद पर रहे। इस दौरान अपनी मंच संचालन की बेहतरीन कला के चलते वे हर सांस्कृतिक व सरकारी सभाओं के मंच संचालक के रूप में सोहर साहब के नाम से मशहूर रहे। उनका शायराना अंदाज, मिलनसार स्वभाव हर किसी को उनका मुरीद बना देता था।

आनंद सोहर जहां मंच की शान थे वहीं पर कलम के धनी भी थे। सरकारी सेवा के दौरान भले ही उन्होंने विभागीय कार्यों के अलावा लेखन को प्राथमिकता नहीं दी। लेकिन डीपीआरओ मंडी और बिलासपर में जिला लोकसंपर्क अधिकारी के रूप में उन्होंने अपनी कलम का जौहर भी दिखाया। अंतर्राष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि मेलों की स्मारिका हो या फिर राज्य स्तरीय बिलासपुर की नलवाड़ मेले की स्मारिका के प्रकाशन एवं संपादन की जिम्मेदारी बखूबी निभाते रहे हैं।

इधर, सेवा निवृति के बाद उनका कवि हृदय कविता लिखने को इतना व्याकुल हो गया कि उन्होंने अपने नाम के साथ व्याकुल सर नेम लगा दिया। हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के धनी आनंद सोहर पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बीते सप्ताह वे मंडी गुटकर स्थित मांडव अस्पताल में दाखिल थे। जहां वे कोमा में रहे, इसके बाद उन्हें एम्स बिलासपुर ले जाया गया । जहां उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रेस क्लब मंडी, सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, गोहर और बिलासपुर के पत्रकारों ने शोक जताया। उनके समय से पत्रकारिता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार रमेश बंटा, बीरबल शर्मा, अदीप सोनी, मुरारी शर्मा, महेश चंद्र शर्मा आदि ने आनंद सोहर जब तक भी सरकारी सेवा में कार्यरत रहे अपने कार्य को उन्होंने उत्साह के साथ अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story