नाहन-कालाअंब एन एच -07 पर भारी भूस्खलन, सड़क का बड़ा हिस्सा धंसा; भारी वाहनों की एंट्री बंद

WhatsApp Channel Join Now


नाहन, 04 सितंबर (हि.स.)।कालाअंब-नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) पर मोगीनंद स्थित फीनिक्स कंपनी के समीप भारी भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क के अत्यधिक संकरे और असुरक्षित हो जाने के कारण जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह रोक लगा दी है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर की रिपोर्ट के आधार पर जिला दंडाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत यह निषेधाज्ञा जारी की है। आदेशानुसार, डबल-एक्सल वाहन, टिपर और डंपर (चाहे वे लदे हों या खाली) मोगीनंद के प्रभावित स्थल से नहीं गुजर सकेंगे।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कालाअंब और नाहन तथा पांवटा-नाहन और कालाअंब के बीच चलने वाले सभी भारी वाहनों को खिजराबाद (हरियाणा) के रास्ते अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को प्रभावित सड़क की तुरंत मरम्मत करने और पुलिस विभाग को नियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क के सुरक्षित होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story