हिमाचल में कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक समय पर अपडेट करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी डिग्री कॉलेजों, संस्कृत कॉलेजों, जीसीटीई, एससीईआरटी, एनसीसी ग्रुप मुख्यालयों, स्कूल शिक्षा के उपनिदेशकों के कार्यालयों और राज्य पुस्तकालयों को कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड में होने वाले हर बदलाव को मानव संपदा (पीएमआईएस) पोर्टल पर समय पर दर्ज किया जाए। उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि इस विषय पर 15 जनवरी 2026 को भी निर्देश जारी किए गए थे। अब सभी संस्थानों को दोबारा याद दिलाया गया है कि ई-सर्विस बुक को नियमित रूप से अद्यतन रखना उनकी जिम्मेदारी है।

तबादले से वेतन संशोधन तक हर बदलाव तुरंत दर्ज करना होगा

विभाग ने कहा है कि कर्मचारियों के तबादले, कार्यमुक्ति (रिलीविंग), नई तैनाती (ज्वाइनिंग), पदोन्नति, विभिन्न प्रकार के अवकाश, वार्षिक वेतनवृद्धि, अंतिम वेतन प्रमाणपत्र (एलपीसी), वेतन निर्धारण और वेतन संशोधन सहित सेवा से जुड़ी सभी जानकारियां मानव संपदा पोर्टल पर तुरंत दर्ज की जाएं। विभाग के अनुसार कई मामलों में सेवा अभिलेख समय पर अपडेट नहीं होने के कारण कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों के निपटारे में अनावश्यक देरी होती है। इसी वजह से सभी संस्थानों को सेवा रिकॉर्ड नियमित रूप से ऑनलाइन अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं।

महालेखाकार कार्यालय को समय पर भेजे जा सकेंगे पेंशन प्रकरण

उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि उनके अधीन कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की ई-सर्विस बुक पूरी तरह अद्यतन रहे। विभाग का कहना है कि इससे हिमाचल प्रदेश के महालेखाकार (एजी) कार्यालय को पेंशन संबंधी प्रकरण समय पर भेजने में सुविधा होगी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन व अन्य सेवा लाभ मिलने की प्रक्रिया में देरी नहीं होगी। विभाग ने इन आदेशों की प्रति स्कूल शिक्षा निदेशालय को भी भेजी है, जिससे स्कूल शिक्षा विभाग के स्तर पर भी मानव संपदा पोर्टल पर कर्मचारियों के सेवा अभिलेख नियमित रूप से अपडेट किए जा सकें। सभी संबंधित संस्थानों को इन निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story