चंबा को 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें, चिंतपूर्णी के लिए शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 19 सितंबर (हि.स.)। चंबा की सड़कों पर अब इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चंबा में 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें पहली बस चंबा से माता श्री चिंतपूर्णी के लिए रवाना हुई। इस मौके पर उन्होंने चंबा जिले के लिए 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें उपलब्ध कराने की जानकारी दी। चिंतपूर्णी जाने वाली बस बनीखेत, दुनेरा, सदवां, नूरपुर, धमेटा और तलवाड़ा होते हुए चलेगी।

अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसों को प्रदेश के लिए उपयुक्त तरीके से तैयार किया गया है। इन बसों के लिए प्रोटोटाइप तय करने में समय लगा।.

उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूसरे हिस्सों में इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और चालकों को इनके संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनके अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इन बसों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की 12 वर्ष तक रहेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा में पहली बार 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। आने वाले समय में चंबा में मिडी बसें भी चलाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगम में चालकों और परिचालकों की भर्ती जल्द की जाएगी। उन्होंने जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी ली और कहा कि इन योजनाओं के लिए बजट उपलब्ध है। निर्माणाधीन योजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इलेक्ट्रिक बसों को रवाना करने के बाद अग्निहोत्री ने चंबा के कश्मीरी मोहल्ला स्थित श्री चंद्रशिला मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से 27.41 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए बजट का प्रावधान किया गया है और निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे अगले दो माह में पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने चंबा में आठ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बहुमंजिला भवन का भी निरीक्षण किया और काम तय अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मंगला में जल शक्ति विभाग की ओर से करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे विश्राम गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह भवन विभाग की जरूरतों के साथ पर्यटकों और आम लोगों के लिए भी उपयोगी होगा और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story