शहरी निकायों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव प्रभावित करना चाह रही कांग्रेस सरकार : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
शहरी निकायों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव प्रभावित करना चाह रही कांग्रेस सरकार : भाजपा


शिमला, 21 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और विधायक राकेश जमबाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत से कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पूरी तरह बौखला गए हैं।

राकेश जमवाल ने वीरवार को एक बयान में कहा कि प्रदेश की अधिकांश नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि इन नतीजों से साफ है कि जनता का भरोसा भाजपा के साथ है, जबकि कांग्रेस सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस सरकार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों को प्रभावित करने के लिए प्रशासनिक दबाव और राजनीतिक हस्तक्षेप का सहारा लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रलोभन और सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। जमवाल ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया और कहा कि भाजपा ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि किसी दबाव या लालच में आने वाले नहीं हैं। उनके अनुसार अधिकतर नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार बहुमत के साथ जीतकर आए हैं और आने वाले समय में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों का चुना जाना तय है।

राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसी वजह से सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब कांग्रेस को मिलेगा।

भाजपा नेता ने कहा कि आगामी पंचायती राज संस्थाओं, जिला परिषद, पंचायत समिति और पंचायत चुनावों में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में पार्टी को और व्यापक समर्थन मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story