मौजूदा चुनाव नतीजे 2027 की तस्वीर नहीं, राजनीति में तेजी से बदलते हैं हालात: रोहित ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 01 जून (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पंचायती राज संस्थाओं और जिला परिषद चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इन चुनाव परिणामों को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि राजनीति में कम समय के भीतर भी समीकरण बदल जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का पूरा फोकस विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर रहेगा।

रोहित ठाकुर ने सोमवार को कहा कि जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस और विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उनके अनुसार जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की चारों जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

उन्होंने बताया कि जुब्बल विकास खंड की सभी 15 बीडीसी सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं, जबकि कोटखाई विकास खंड की 15 में से 11 बीडीसी सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इसके अलावा पंचायत प्रधान और उपप्रधान पदों पर भी लगभग 75 से 80 प्रतिशत कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है।

शिक्षा मंत्री ने हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों के परिणामों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्वीकार किया कि जिन नगर निगमों में कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, वहां कहीं न कहीं कुछ कमियां रही होंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इन परिणामों का आत्ममंथन करेगी और भविष्य के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।

पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस की जीत का उल्लेख करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि स्थानीय विधायक आशीष बुटेल ने क्षेत्र में बेहतर काम किया है और जनता ने उनके कार्यों पर विश्वास जताते हुए कांग्रेस को समर्थन दिया है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार वर्ष 2027 तक विकास और जनकल्याण के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजे आते-जाते रहते हैं, लेकिन सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं और विकास सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story