रोहड़ू नप चुनाव बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल, हर बूथ पर महिलाएं तैनात

WhatsApp Channel Join Now
रोहड़ू नप चुनाव बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल, हर बूथ पर महिलाएं तैनात


शिमला, 16 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू में रविवार को होने जा रहे नगर परिषद चुनाव इस बार महिला सशक्तिकरण की खास मिसाल बनने जा रहे हैं। यहां मतदान प्रक्रिया से लेकर मतगणना तक की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों को सौंपी गई है। प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की भागीदारी से चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाएगा।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि नगर परिषद रोहड़ू के सभी 9 वार्डों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारी ही ड्यूटी निभाएंगी। इसके लिए करीब 80 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर मतदान दल, सुरक्षा और चुनाव से जुड़े अन्य जरूरी कार्य भी महिलाएं ही संभालेंगी।

प्रशासन ने मतगणना की जिम्मेदारी भी पूरी तरह महिलाओं को दी है। मतगणना कार्य को सही और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए कुल छह टीमों का गठन किया गया है। हर टीम में तीन सदस्य रखे गए हैं, जिनमें एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं। इनमें से तीन टीमें सीधे मतगणना में तैनात रहेंगी, जबकि तीन टीमों को रिजर्व रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत लगाया जा सके।

मतगणना से पहले महिला कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण और रिहर्सल कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें मतगणना प्रक्रिया, परिणाम तैयार करने और चुनाव से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई ताकि किसी तरह की गलती या परेशानी न हो।

रिटर्निंग अधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और चुनाव जैसे जिम्मेदार लोकतांत्रिक कार्यों को भी सफलतापूर्वक संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों की जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली और अनुशासन से नगर परिषद रोहड़ू चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story