चुनाव ड्यूटी में भोजन व्यवस्था लगाने का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव ड्यूटी में भोजन व्यवस्था लगाने का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया विरोध


नाहन, 23 मई (हि.स.)। प्रदेश सहित सिरमौर जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया 26 मई से शुरू होने जा रही है। कई पंचायतों में मतदान होगा तथा जिला परिषद और बीडीसी को छोड़कर प्रधान सहित अन्य पदों के परिणाम उसी शाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के भोजन की व्यवस्था के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाए जाने का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है।

आंगनबाड़ी एवं हेल्पर्स यूनियन नाहन की अध्यक्ष शीला ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जब चाहे किसी भी ड्यूटी पर लगा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले भी पल्स पोलियो अभियान, कोरोना काल और सर्वे कार्यों में उनकी सेवाएं ली गईं, लेकिन किसी प्रकार की समस्या आने पर न विभाग और न ही सरकार जिम्मेदारी लेती है।

शीला ठाकुर ने बताया कि इस बार चुनावों के दौरान भोजन बनाने की ड्यूटी लगाई गई है, जिसका यूनियन विरोध कर रही है। इसी मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है और इस ड्यूटी से मुक्त करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया देर रात तक चलती है और ऐसे में महिलाओं की भोजन व्यवस्था में ड्यूटी लगाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस कार्य से हटाया जाए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता अन्य चुनावी जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story