पांवटा साहिब में 10 जून को होगा बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 08 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में पंचायत समिति (बीडीसी) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसडीएम द्विज गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 जून को पंचायत समिति पांवटा के सभी 35 बीडीसी सदस्यों को शपथ दिलाई जा चुकी है। अब 10 जून को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय द्वारा सभी बीडीसी सदस्यों को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिए गए हैं। जारी नोटिस के अनुसार 10 जून को सुबह 11 बजे ब्लॉक विकास अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब में बैठक आयोजित होगी, जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।

एसडीएम पांवटा ने कहा कि चुनाव के दौरान बहुमत साबित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी और इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

गौरतलब है कि हाल ही में हुए पंचायत चुनावों के बाद अब पंचायत समिति पांवटा के नेतृत्व को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर विभिन्न पक्ष अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। ऐसे में 10 जून को होने वाले चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story