एकल भारत अभियान: राष्ट्र निर्माण की भावना को मिलकर जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यक्ता

WhatsApp Channel Join Now
एकल भारत अभियान: राष्ट्र निर्माण की भावना को मिलकर जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यक्ता


मंडी, 15 सितंबर (हि.स.)। एकल भारत अभियान के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, ग्राम स्तर पर किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ। बैठक में संसार चंद, केंद्रीय ग्राम संगठन प्रमुख, एकल अभियान पवन शर्मा, भाग अध्यक्ष, भाग मंडी, अनिल, भाग संगठन मंत्री, भाग मंडी, रूप लाल, अंचल अध्यक्ष, अंचल मंडी तथा मनोहर लाल, भाग गतिविधि प्रमुख, भाग मंडी उपस्थित रहे। बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि एकल भारत अभियान हिमाचल प्रदेश में लगभग 8,000 गांवों तक ग्राम स्तर पर पहुंचकर विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरण गतिविधियों के माध्यम से कार्य कर रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में समाज के साथ निरंतर संपर्क, संस्कार, शिक्षा, जागरूकता तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर प्रो. अनुपमा सिंह, जो अखिल भारत अभियान, हिमाचल प्रदेश की महिला विंग की राज्य प्रमुख के रूप में भी सामाजिक एवं जनसंपर्क गतिविधियों से जुड़ी हैं, ने कहा कि गांव भारतीय समाज की मूल शक्ति हैं। ग्राम स्तर पर मजबूत सामाजिक संपर्क और जागरूकता ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और संस्कारवान समाज की आधारशिला बन सकती है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ग्राम स्तर तक संपर्क को और मजबूत करने, अधिक लोगों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story