अब तो पूरे हिमाचल में थम गया है विकास, नई सरकार बनते ही मिलेगी गति : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
अब तो पूरे हिमाचल में थम गया है विकास, नई सरकार बनते ही मिलेगी गति : जयराम ठाकुर


मंडी, 08 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाची में आयोजित जोनल अंडर-19 बालिका खेलकूद प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जहां उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान बालिकाओं को ट्रॉफियां और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जनसमुदाय व खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में खेलों के प्रति दृष्टिकोण में एक ऐतिहासिक और सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया पहल को एक युगांतरकारी कदम बताया। जिसने सुदूर गांवों और छोटे क्षेत्रों में छिपी हुई प्रतिभाओं को न केवल खोजा है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए एक पारदर्शी एवं मजबूत मंच प्रदान किया है।

इसके पश्चात जयराम ठाकुर ने स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि चार वर्षों से रुके हुए विकास को अगली सरकार बनते ही तेजी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से किसी इलाके के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। दुर्भाग्य से कांग्रेस की सुक्खू सरकार ने इन चार वर्षों में भेदभाव को बढ़ावा देकर भाजपा विधायकों के हलकों को विकास से महरूम रखा है। उन्होंने आज पूरे हिमाचल में विकास की रफ्तार थम चुकी है। चारों तरह हाहाकार मचा हुआ है। हर वर्ग की अनदेखी हो रही है। अब तो नई सरकार बनते ही विकास को गति मिलेगी और इस इलाके में भी रुके हुए सभी काम पूरे किए जाएंगे।

थाची में खेल समारोह से पूर्व, सुबह उन्होंने लंबाथाच में सराज भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की, जिसमें क्षेत्र के विकास, जनहित के ज्वलंत मुद्दों और संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत करने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक, रचनात्मक एवं जन-सेवा कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई

उन्‍होने कहा क‍ि कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों और सेवा कार्यों को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। वहीं थाची जाते हुए उन्होंने रास्ते में चेत स्कूल का भी निरीक्षण किया और शाटाधार मंदिर में मत्था टेका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story