डीएवी स्कूल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ संस्कार का आयोजन
मंडी, 11 अप्रैल (हि.स.)। डीएवी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी पाठशाला ईईडीपी में शनिवार को सभी नर्सरी और एलकेजी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हमारे आदरणीय के. एस. गुलरिया ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती वंदना गुलरिया के साथ की।
उन्होंने नन्हे बच्चों की सराहना करते हुए उन पर अपना स्नेह और आशीर्वाद सप्रेम बरसाया। परिसर में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच नन्हे बच्चों का मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया गया, इस संस्कार का उद्देश्य बच्चों की औपचारिक शिक्षा यात्रा को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा के साथ शुरू करना था। वेद मित्र शास्त्री ने संस्कारों का महत्व बताकर इस संस्कार को मानव जीवन में 16 संस्कारों में सबसे महत्वपूर्ण संस्कार बताया। पंडित की देखरेख में शिक्षिकाओं के सहयोग से बच्चों ने कलम व स्याही से तख्ती पर ॐ लिखकर ज्ञान की शुरुआत की। उसके पश्चात हवन की विधि पूर्ण की गयी। अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह को और भी गरिमामय बना दिया। पाठशाला परिसर में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कृति और संस्कार का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रधानाचार्य के ऐस गुलेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यारंभ केवल शिक्षा की शुरुआत नहीं, बल्कि जीवन निर्माण की पहली सीढ़ी है। हम बच्चों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कार, अनुशासन और वैश्विक दृष्टिकोण के साथ एक श्रेष्ठ नागरिक बनाने का संकल्प लेते हैं। आज का यह संस्कार कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
उन्होंने सभी बच्चों व अभिभावकों को शुभकामनाएं दी। विद्यारंभ संस्कार बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए एक यादगार अनुभव रहा, जो बच्चों की नई शैक्षिक यात्रा के लिए एक मजबूत नींव का काम करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

