लंबाथाच कॉलेज में 29 को साइंस फैकल्टी को हटाने के विरोध में होगा छात्र प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
लंबाथाच कॉलेज में 29 को साइंस फैकल्टी को हटाने के विरोध में होगा छात्र प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान जारी


मंडी, 25 जून (हि.स.)। मंडी जिला के सराज लंबाथाच कॉलेज से साइंस फैकल्टी को हटाने के फैसले के खिलाफ छात्रों में भारी रोष है। छात्रों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग रही है कि कॉलेज में साइंस फैकल्टी को बनाए रखा जाए तथा शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जाए। लेकिन सरकार और संबंधित विभाग द्वारा साइंस फैकल्टी को हटाने की प्रक्रिया ने विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। इस विरोध को और अधिक व्यापक बनाते हुए, आज लंबाथाच महाविद्यालय और आसपास के गांवों में एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कॉलेज से साइंस फैकल्टी को न हटाने की मांग का पुरजोर समर्थन किया है।

इस अन्यायपूर्ण निर्णय के विरोध में 29 जून को सराज लंबाथाच कॉलेज में विशाल छात्र प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार और शिक्षा विभाग को स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के शिक्षा अधिकारों से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

छात्र संगठन कालेज इकाई अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर और सचिव मनीष ठाकुर ने बताया कि यदि साइंस फैकल्टी को हटाया गया तो दूरदराज़ क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा प्रभावित होगी। उन्हें मजबूरन अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ सकती है। इसलिए सरकार तत्काल इस निर्णय को वापस ले तथा कॉलेज में साइंस फैकल्टी को जारी रखने की घोषणा करे। हम सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, युवाओं और क्षेत्र की जनता से अपील करते हैं कि 29 जून को बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा बचाने की इस लड़ाई को मजबूत करें। छात्रों की मुख्य मांगों में सराज लंबाथाच कॉलेज में साइंस फैकल्टी को बहाल रखा जाए। कॉलेज में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जाए। विद्यार्थियों के शिक्षा अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story