मंडी की चौहार घाटी के स्कूल में शिक्षकों की कमी, एसएमसी ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
मंडी की चौहार घाटी के स्कूल में शिक्षकों की कमी, एसएमसी ने सौंपा ज्ञापन


मंडी, 22 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला की चौहार घाटी के सीनियर सेकेंडरी स्कूल कथोग में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पदों को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को ज्ञापन सौंपा। एसएमसी के प्रधान भवन कुमार के नेतृत्व में घाटी से प्रतिनिधिमंडल मंडी पहुंचा और विभाग के समक्ष अपनी समस्या रखी। प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा उपनिदेशक यशवीर धीमान से भेंट कर स्कूल में रिक्त पड़े पदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें शीघ्र भरने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि स्कूल में कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली हैं। इनमें प्रधानाचार्य , प्रवक्ता हिंदी, प्रवक्ता विज्ञान नॉन मेडिकल/मेडिकल, प्रवक्ता इतिहास, प्रवक्ता अंग्रेजी, शारीरिक शिक्षाऔर कला अध्यापक के पद शामिल हैं। इन पदों के खाली होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। एसएमसी और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से आग्रह किया कि इन सभी रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि विभाग इस गंभीर समस्या को समझते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा और स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करेगा। इस दौरान भवन कुमार एसएमसी प्रधान , शेष राम ठाकुर, दिनेश कुमारी, दुर्गा देवी ,धनी देवी ,फुला देवी, शीला देवी, देव कली, निमा देवी, रीता देवी ,चमन लाल आदि प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story