वल्लभ कॉलेज मंडी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएं पूर्व छात्र : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
वल्लभ कॉलेज मंडी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएं पूर्व छात्र : जयराम ठाकुर


मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी के एलुमनाई एसोसिएशन पूर्व छात्र संघ द्वारा आयोजित पहले वार्षिक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव और पूर्व मंत्री एवं सदर के विधायक अनिल शर्मा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कॉलेज के पुराने दिनों को याद करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि एक लंबे अंतराल के बाद अपने कॉलेज के इस प्रांगण में आकर और अपने पुराने साथियों व पूर्व छात्रों के बीच बैठकर जो प्रसन्नता हो रही है, उसे शब्दों में बयां करना कठिन है। उन्होंने कहा कि जब उनके सामने पहली बार पूर्व छात्रों के इस मिलन समारोह का आग्रह आया, तो उन्होंने बिना किसी देरी के तुरंत अपनी सहमति दे दी थी।

उन्होंने बताया कि कुछ कारणों से यह कार्यक्रम दो-तीन बार स्थगित होकर आगे-पीछे होता रहा। लेकिन अंततः सभी के प्रयासों से एक तारीख तय कर ही ली गई।

जयराम ठाकुर ने एलुमनाई एसोसिएशन के इस पहले प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल पुरानी यादें ताजा होती हैं। बल्कि वर्तमान में पढ़ रहे विद्यार्थियों को भी अपने वरिष्ठों के अनुभवों से प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने सभी पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सदैव तत्पर रहें।

अपने छात्र जीवन 1987 बैच के दिनों को याद करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर वर्ष 1948 में स्थापित हिमाचल प्रदेश के इस पहले महाविद्यालय ने प्रदेश और देश को अनगिनत राजनेता, प्रशासक, डॉक्टर, इंजीनियर, न्यायाधीश, सैनिक और समाजसेवी दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर जब वे इस महाविद्यालय में पढ़ने आए थे, तो यहीं से उनके व्यक्तित्व का निर्माण हुआ। छात्र राजनीति और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें नेतृत्व करने और समाज को समझने की पहली सीख इसी प्रांगण से मिली। उन्होंने कहा कि आज वे जिस भी मुकाम पर पहुंचे हैं, उसकी नींव वल्लभ कॉलेज मंडी ने ही रखी है। जयराम ठाकुर ने एलुमनाई एसोसिएशन की पूरी कार्यकारिणी को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की असली ताकत उसके पूर्व छात्र होते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि देश-विदेश में उच्च पदों पर आसीन वल्लभ कॉलेज के पूर्व छात्रों को एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना चाहिए, जिससे महाविद्यालय के बुनियादी ढांचे के विकास और वर्तमान में पढ़ रहे हजारों विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन में सीधा सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि उनके विचार में जब आया कि इस महाविद्यालय में छात्र संख्या प्रदेश के दूसरे सभी कॉलेजों से ज्यादा है तो उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश को दूसरी यूनिवर्सिटी मंडी देने का फैसला किया। जो आज मूर्त रूप लेकर मंडी और आसपास के जिलों के बच्चों के घरद्वार उच्च शिक्षा के सपनों को साकार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story