डीएवी स्कूल मंडी में चीफ कैप्टन के चुनाव का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
डीएवी स्कूल मंडी में चीफ कैप्टन के चुनाव का आयोजन


मंडी, 28 नवंबर (हि.स.)। डीएवी स्कूल मंडी जवाहर नगर लोअर खलियार में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चीफ कैप्टन के चुनाव का आयोजन किया गया। इस चुनाव में चार विद्यार्थियों अभिनंदन, नविश्का, गौरीका और सिमरन ने चीफ कैप्टन पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। सभी उम्मीदवारों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। विद्यार्थियों ने मतदान के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवार का चयन किया और लोकतंत्र की वास्तविक भावना का अनुभव किया।

इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मताधिकार, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना था। साथ ही, बच्चों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने इस गतिविधि की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ते हैं और उन्हें भविष्य में एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story