मंडी -बल्ह के रठोहा की चांदनी को मिली पीएचडी की डिग्री, इलाके में खुशी
मंडी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला की बल्ह घाटी के गांव रठोहा चंडयाल की चांदनी शर्मा ने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री हासिल की है। पूरे क्षेत्र, गांव व परिजनों में इसे लेकर खुशी की लहर है। चांदनी शर्मा जो इंद्रपाल शर्मा व रमा शर्मा की बेटी ने ने यह डिग्री हासिल करके अपने गांव व इलाके का नाम रौशन किया है।
चंडयाल पंचायत के पूर्व प्रधान रवि सिंह चंदेल ने बताया कि चांदनी शुरू से ही एक होनहार छात्रा रही है और इसी के चलते आज उसने यह मुकाम हासिल किया है। उसकी पहली से दसवीं तक की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घासणू में पूरी की जबकि जमा दो तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गागल से पूरी की । शास्त्री की पढ़ाई उसने राजकीय संस्कृत कालेज सुंदरनगर से पुूरी कीर्। श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विद्यालय नई दिल्ली से ज्योतिष आचार्य में गोल्ड मेडलिस्ट रही चांदनी शर्मा ने इसी विश्वविद्यालय से ज्योतिष में पीएचडी की डिग्री हासिल की। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भारत के उप राष्ट्रपति सीपी राधा कृष्णन के कर कमलों से उसे यह डिग्री लेने करने का गौरव प्राप्त हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

