अनुपूरक परीक्षाओं के दौरान भविष्य में अत्याधुनिक सीसीटीवी व्यवस्था होगी अनिवार्य : डॉ राजेश शर्मा
धर्मशाला, 05 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान में आयोजित की जा रही मैट्रिक एवं जमा दो अनुपूरक परीक्षाओं की बोर्ड द्वारा विभिन्न माध्यमों से निरंतर निगरानी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व्यवस्था, उड़नदस्तों एवं अन्य निगरानी तंत्र के माध्यम से परीक्षा संचालन पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि परीक्षाएं पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलमुक्त वातावरण में संपन्न हो सकें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता एवं पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा अनुचित साधनों एवं अन्य अनियमितताओं के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। बोर्ड समय-समय पर परीक्षा केंद्रों एवं विद्यालयों को अपने निगरानी तंत्र को सुदृढ़ एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए भी जागरूक कर रहा है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि भविष्य की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों में अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया है। अब सभी संबद्ध विद्यालयों एवं संस्थानों को परीक्षा आरंभ होने से पूर्व अपने परीक्षा केंद्रों के सभी परीक्षा कक्षों/हालों तथा प्रत्येक प्रवेश एवं निकास द्वार पर वीडियो एवं ऑडियो रिकॉर्डिंग सुविधा से युक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने होंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में स्थापित निगरानी प्रणाली के लिए नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर के माध्यम से कम से कम छह माह तक रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना भी अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी प्रणाली के लिए उपयोग की जाने वाली नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं आईपी एडरेस को स्थायी स्वरूप में बनाए रखना होगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्डिंग तत्काल उपलब्ध करवाई जा सके।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आवंटन से पूर्व बोर्ड द्वारा संबंधित विद्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां निर्धारित मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक एवं तकनीकी रूप से उन्नत निगरानी व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इन उपायों से परीक्षा केंद्रों की निगरानी और अधिक प्रभावी होगी तथा नकल एवं अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

