मैट्रिक एवं जमा दो अनुपूरक परीक्षाओं के प्रवेश पत्र अपलोड

WhatsApp Channel Join Now
मैट्रिक एवं जमा दो अनुपूरक परीक्षाओं के प्रवेश पत्र अपलोड


धर्मशाला, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की मैट्रिक एवं जमा दो (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इन परीक्षाओं में कंपार्टमेंट, एसेंशियल इम्प्रूवमेंट, ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट, स्पेशल चांस, अतिरिक्त विषय, डिप्लोमा होल्डर री अपीयर तथा बोर्ड नियमों के अंतर्गत अनुमन्य अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मैट्रिक (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाएं दिनांक 3 जुलाई से 10 जुलाई, 2026 तक तथा जमा दो (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में प्रातः 8:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी।

डॉ. शर्मा ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध स्टूडेंट कॉर्नर के माध्यम से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित विद्यालय भी अपने स्कूल लॉगिन के माध्यम से विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उन्हें उपलब्ध करवा सकते हैं। विशेष अवसर प्राप्त अभ्यर्थियों को भी अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में उपस्थित होना सुनिश्चित करने के लिए सूचित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story