मैनेजमेंट इकोज 2.0 में सांस्कृतिक रंगों की धूम, विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन और मनोरंजक प्रस्तुतियों से बांधा समां
मंडी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के बीबीए विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक उत्सव मैनेजमेंट इकोज 2.0 का पहला दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और युवा प्रतिभा के नाम रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और उत्साह से पूरे आयोजन को यादगार बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद लोकनृत्य, बॉलीवुड डांस, पंजाबी प्रस्तुतियों और गायन ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत बॉयज फनी डांस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने अपनी मनोरंजक शैली से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम में हिमाचली संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। विद्यार्थियों ने पारंपरिक पहाड़ी नाटी प्रस्तुत कर प्रदेश की समृद्ध लोक विरासत को मंच पर जीवंत किया। लोकधुनों और पारंपरिक नृत्य की लय ने दर्शकों को हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
दिनभर की सांस्कृतिक गतिविधियों के बाद शाम का आकर्षण रहे अर्चित बिष्ट, नितिन संतोषी और कबीर। इन कलाकारों के नाम रही स्टार शाम ने विद्यार्थियों के उत्साह को और बढ़ाया। संगीत और मनोरंजन से भरपूर इस संध्या ने आयोजन को यादगार बना दिया।
बीबीए विभाग की प्राध्यापिका डॉ. प्रवीण सोंखला के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव में प्राध्यापिका परिणिता और सपना ने सहयोगी भूमिका निभाई। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा प्रबंधन कौशल को विकसित करने का अवसर मिला।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने, अपने सपनों को साकार करने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
उत्सव की थीम हाई ऑन ड्रीम्स, नॉट ड्रग्स युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। मैनेजमेंट इकोज 2.0 विद्यार्थियों की प्रतिभा सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और प्रबंधन कौशल को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ सकारात्मक सोच और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की पहल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

