शिमला में एक महीने के भीतर दूसरी बार भूकंप, रात को 3.9 तीव्रता से हिली धरती

WhatsApp Channel Join Now
शिमला में एक महीने के भीतर दूसरी बार भूकंप, रात को 3.9 तीव्रता से हिली धरती


शिमला में एक महीने के भीतर दूसरी बार भूकंप, रात को 3.9 तीव्रता से हिली धरती


शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भूकंप के झटके लगे हैं। शिमला जिला में बुधवार रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई। इसका केंद्र शिमला में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। हालांकि, भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। शिमला जिला के ऊपरी इलाकों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप रात 9 बजकर 50 मिनट 26 सेकंड पर आया। इसका केंद्र 31.188 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.007 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज हुआ। फिलहाल इन झटकों से प्रशासन के पास किसी मकान, सड़क या अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।

एक महीने में दूसरी बार हिली धरती

शिमला में इससे पहले 17 अक्टूबर को भी भूकंप आया था। उस समय इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई थी। भूकंप सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर आया था और इसका केंद्र रामपुर क्षेत्र में दर्ज किया गया था। उस दौरान भी भूकंप की गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे थी। इस घटना में भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। ऐसे में करीब एक महीने के भीतर शिमला जिले में दूसरी बार भूकंप के झटके दर्ज किए गए हैं।

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील हिमाचल

हिमाचल प्रदेश का बड़ा हिस्सा भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील है। प्रदेश के कई इलाके भूकंपीय जोन-4 और जोन-5 में आते हैं। हिमालयी क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल के चलते यहां समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं। वर्ष 1905 में कांगड़ा और चंबा क्षेत्र में आए विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी। इस भूकंप में 10 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई थी। विशेषज्ञ हिमालयी क्षेत्र में बड़े भूकंप की आशंका को लेकर पहले भी आगाह करते रहे हैं।

प्रदेश में आज से आंधी-बारिश का अलर्ट

इस बीच शिमला व आसपास के इलाकों में वीरवार सुबह मौसम साफ है और धूप खिली है। मौसम विभाग ने आज से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आंधी-बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक आज व कल कई जिलों में आंधी व बिजली कड़कने से साथ तेज़ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 14 नवम्बर तक राज्य में मौसम के ख़राब रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775587 Articles

Share this story