चंबा में डेढ़ घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके, नुकसान नहीं
शिमला, 14 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए। करीब डेढ़ घंटे के अंतराल में आए इन झटकों से लोगों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार पहला झटका सुबह 6 बजकर 36 मिनट पर दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 मापी गई।
भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में था। सुबह के समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे। झटका महसूस होते ही कुछ लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
इसके बाद सुबह 7 बजकर 59 मिनट पर दूसरा झटका महसूस किया गया। इस भूकंप की तीव्रता भी रिक्टर स्केल पर 3.0 दर्ज की गई।
दूसरे झटके का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। लगातार दो बार धरती हिलने से स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा, हालांकि कहीं भी किसी बड़े असर की सूचना सामने नहीं आई।
हिमाचल प्रदेश भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्यों में गिना जाता है और चंबा जिला भी भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार कम तीव्रता वाले भूकंप आमतौर पर बड़े नुकसान का कारण नहीं बनते, फिर भी ऐसे झटकों को गंभीरता से लेने और सतर्क रहने की आवश्यकता होती है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल जिले में किसी तरह के नुकसान या अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

