डंपर पलटकर व्यक्ति पर गिरा, मौत
नाहन, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत डंपर पलटकर एक व्यक्ति के ऊपर गिरने से उसकी मौत का मामला दर्ज किया गया है। 18 अक्टूबर को यशपाल चौहान पुत्र मकर सिंह निवासी गांव व डा. डिमोउ, तहसील कालसी, जिला देहरादून (उत्तराखंड) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि मिश्रवाला में एक वेयर हाउस बनाया जा रहा है जहां कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा है। इस कंस्ट्रक्शन वर्क का ठेका नाजर अली ने ले रखा था, जहां डंपर आदि से रेत, मिट्टी मंगाकर गिरवाई जाती थी। सोमवार शाम के समय वहां डंपर नं. HP71-6130 द्वारा मिट्टी खाली की जा रही थी, जिसके पास ही नाजर अली खड़ा था। डंपर का जैक काफी ऊंचा उठ गया था, चालक ने डंपर को आगे-पीछे हिलाया और डंपर एकदम से नाजर अली की तरफ पलटकर उसके ऊपर गिर गया।
नाजर अली को डंपर के नीचे से निकालकर जुनेजा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के अनुसार यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। जिस पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

