नाहन में जानलेवा साबित होने लगा चाइनीज मांझा, रानीताल तालाब में फंसी बेजुबान बत्तख

WhatsApp Channel Join Now
नाहन में जानलेवा साबित होने लगा चाइनीज मांझा, रानीताल तालाब में फंसी बेजुबान बत्तख


नाहन में जानलेवा साबित होने लगा चाइनीज मांझा, रानीताल तालाब में फंसी बेजुबान बत्तख


नाहन, 31 अगस्त (हि.स.)। नाहन के ऐतिहासिक रानीताल तालाब में नायलॉन व प्लास्टिक से बने घातक चाइनीज मांझे में फंसी एक बेजुबान बत्तख का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इस घटना की जानकारी वार्ड नंबर 8 के पार्षद संजय चौहान को सोमवार सुबह लगभग 7:30 बजे फोन के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही पार्षद ने बिना समय गंवाए नगर परिषद के कर्मचारियों को तुरंत रानीताल तालाब के लिए रवाना किया और खुद भी मौके पर पहुंचे। तालाब में बत्तख के पैर और गर्दन खतरनाक चाइनीज डोर में बेहद बुरी तरह से उलझ चुके थे, जिसके कारण वह असहाय होकर पानी के बीच फंसी हुई थी और उसका हिलना-डुलना भी दूभर हो गया था।

नगर परिषद के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद बत्तख को तालाब से बाहर निकाला और उसके शरीर में लिपटी डोर को काटकर उसे सुरक्षित मुक्त कराया। रेस्क्यू के तुरंत बाद नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा बत्तख को बेहतर इलाज के लिए पशु अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

इस संवेदनशील घटना के बाद पार्षद संजय चौहान और स्थानीय निवासियों ने जानलेवा चाइनीज डोर की निर्बाध बिक्री और इस्तेमाल पर भारी चिंता प्रकट की है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इंसानों व बेजुबान पक्षियों की सुरक्षा के मद्देनजर इस प्लास्टिक मांझे पर धरातल पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए।

इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि बाजारों, रास्तों और गलियों में चाइनीज डोर के गुच्छे फैले हुए हैं, जिनमें पैर फंसने से राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। पार्षद और क्षेत्रवासियों ने पुरजोर मांग की है कि आगामी त्योहारों और पतंगबाजी के सीजन के दौरान बाजारों में दुकानों पर औचक छापेमारी (रेड) की जाए और इसे बेचने वालों के खिलाफ भारी चालान व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इस घातक डोर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लग सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story