डीएसपी विजय कुमार ने ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता में जीता पदक, हिमाचल पुलिस का बढ़ाया मान
शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। डीएसपी विजय कुमार ने एक बार फिर अपनी शानदार निशानेबाज़ी से हिमाचल प्रदेश और पुलिस विभाग का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीएसपी विजय कुमार ने ऑल इंडिया मीट पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता में व्यक्तिगत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
यह प्रतियोगिता 22 मार्च से 30 मार्च तक सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर गुरुग्राम में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के निशानेबाज़ हिस्सा ले रहे हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच डीएसपी विजय कुमार ने पिस्टल/रिवॉल्वर स्पर्धा की 50 गज प्रोन कैटेगरी में, बिना सहारे और दोनों हाथों की पकड़ के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किया।
विजय कुमार की इस उपलब्धि को हिमाचल प्रदेश पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे पहले भी उन्होंने पिछले महीने इंदौर में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग (स्पोर्ट्स) प्रतियोगिता में दो व्यक्तिगत कांस्य पदक जीतकर अपनी निरंतर बेहतरीन फॉर्म का परिचय दिया था।
डीएसपी विजय कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी पिस्टल निशानेबाज़ हैं। वे भारत का प्रतिनिधित्व कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और ओलंपिक गेम्स जैसे बड़े खेल आयोजनों में कर चुके हैं। ओलंपिक खेलों में उन्होंने पिस्टल शूटिंग में पदक जीतकर देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

