छोटा शिमला स्कूल पहुंचे एसएसपी गौरव सिंह, नशे के खतरों से किया आगाह

WhatsApp Channel Join Now
छोटा शिमला स्कूल पहुंचे एसएसपी गौरव सिंह, नशे के खतरों से किया आगाह


शिमला, 13 अगस्त (हि.स.)। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोटा शिमला का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक और मानसिक असर तथा नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की और उन्हें बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सही दिशा चुनने, अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आग्रह किया।

संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और इस सामाजिक बुराई से दूर रहने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।

गौरव सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के नुकसान के बारे में जागरूक करें। उन्होंने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। जिला शिमला पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ चल रही ‘रुस्तम योजना’ के अंतर्गत स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे के खतरे से अवगत कराना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story