राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत मनाया भाषाई सद्भावना दिवस

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत मनाया भाषाई सद्भावना दिवस


मंडी, 21 नवंबर (हि.स.)। डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री थुनाग स्थित गुडहरी गोहर में राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत भाषाई सद्भावना दिवस मनाया गया। कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लेकर भाषाई सद्भावना एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। राष्ट्रीय एकता सप्ताह प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक पूरे देश में मनाया जाता है।

कॉलेज के डीन डॉ. प्रेम लाल शर्मा ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के कॉलेज जीवन में इस प्रकार के आयोजन राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और विविध संस्कृतियों के प्रति सम्मान जैसे मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाषाई सद्भावना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों वाला देश है। यहां की भाषाई विविधता हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विभिन्न भाषाओं के प्रति सम्मान और आपसी सद्भाव राष्ट्रीय एकता को और मजबूत बनाते हैं। इस अवसर पर वक्तव्य एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से स्वयंसेवकों ने दिवस के महत्व और इसकी पृष्ठभूमि पर अपने विचार भी साझा किए। राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत 19 नवंबर को राष्ट्रीय एकता दिवस तथा 20 नवंबर को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस मनाया गया।

वहीं, 22 नवंबर को कमजोर वर्ग कल्याण दिवस, 23 नवंबर को सांस्कृतिक एकता दिवस, 24 नवंबर को महिला दिवस तथा 25 नवंबर को संरक्षण दिवस एवं साम्प्रदायिक सद्भावना ध्वज दिवस मनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story