कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू, चार वर्षों में जनता को दिए महंगाई के एक के बाद एक झटके : डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू, चार वर्षों में जनता को दिए महंगाई के एक के बाद एक झटके : डॉ. राजीव बिंदल


नाहन, 31 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जिला भाजपा कार्यालय नाहन में आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने चौथे वर्ष में है और विधानसभा चुनाव का वर्ष नजदीक आ चुका है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। प्रदेश की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई और विकास कार्यों की कथित बदहाली से त्रस्त है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पिछले चार वर्षों में प्रदेश की सामान्य जनता की जेब पर लगातार आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल पर ₹7 प्रति लीटर अतिरिक्त वैट लगाने के बाद अब ₹3 प्रति लीटर सेस का बोझ डालकर जनता को एक और झटका दिया गया है। सरकार महंगाई कम करने के बजाय नए कर लगाकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सीमेंट की प्रत्येक बोरी पर ₹80 का अतिरिक्त कर लगाया है। बिजली की दरों में भारी वृद्धि करके प्रदेश के लगभग 16 लाख उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ डाला गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एचआरटीसी के किरायों में भी कई श्रेणियों में चार गुना तक वृद्धि की गई है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चार वर्षों में जनता को राहत देने के बजाय महंगाई के एक के बाद एक झटके दिए हैं।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने लगभग ₹45,000 करोड़ का नया कर्ज लिया और विभिन्न करों तथा महंगाई के माध्यम से जनता पर ₹45,000 करोड़ का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769866 Articles

Share this story