भाजपा पूरे उत्साह के साथ मनाएगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती : राकेश ठाकुर
हमीरपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती को पूरे उत्साह के साथ मनाएगी। जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सोमवार को एक प्रेस बाययान में कहा कि 14 अप्रैल भारत के संविधान के शिल्पकार और समान अधिकारों के प्रखर समर्थक डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती का दिन है। वर्ष 2026 में राष्ट्र उनकी 135वीं जयंती मना रहा है, जो शिक्षा तक समान पहुंच, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और प्रत्येक नागरिक के लिए आजीविका समानता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
राकेश ठाकुर ने जानकारी दी कि 14 से 19 अप्रैल तक जिला के प्रत्येक मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 अप्रैल को जिला स्तर पर टौणी देवी मंदिर परिसर में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता डॉ. आंबेडकर के आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को स्मरण करेंगे।
राकेश ठाकुर ने कहा कि डॉ. आंबेडकर जैसे महान व्यक्तित्व को तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व द्वारा बार-बार नजरअंदाज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय के प्रमुख नेता जवाहरलाल नेहरू आंबेडकर की बढ़ती लोकप्रियता से असहज थे, जिसके चलते उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी डॉ. आंबेडकर के नाम की सिफारिश भारत रत्न के लिए नहीं की और वर्ष 1952 के आम चुनाव में उनकी हार सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया गया।
वहीं भाजपा हमीरपुर जिला की उपाध्यक्ष राज कुमारी ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नारी वंदन अधिनियम पर संसद में विशेष चर्चा बुलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की मातृशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त करता है।
राज कुमारी ठाकुर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी इसी उपलक्ष्य में 16 अप्रैल को आवाहदेवी मंदिर प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें नारी वंदन-अभिनंदन अधिनियम के महत्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करेगा, लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा तथा समाज में समानता और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

