कुत्ता मुंह में ले गया मानव अंग, वायरल वीडियो के बाद सुपरस्पेशलिटी अस्पताल प्रशासन ने बिठाई जांच, लापरवाही उजागर

WhatsApp Channel Join Now
कुत्ता मुंह में ले गया मानव अंग, वायरल वीडियो के बाद सुपरस्पेशलिटी अस्पताल प्रशासन ने बिठाई जांच, लापरवाही उजागर


शिमला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला के चमियाना स्थित सुपरस्पेशलिटी अस्पताल अस्पताल परिसर में कुत्ते के मुंह में मानव अंग दिखाई देने वाले वायरल वीडियो ने हड़कंप मचा दिया। अस्पताल प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे गंभीरता से लिया है और लापरवाही की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित कर दी है। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है।

फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की जांच में पता चला है कि यह घटना कथित तौर पर बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन में हुई लापरवाही से जुड़ी है।

मामले के अनुसार 19 फरवरी को सीटीवीएस विभाग में एक मरीज की घुटने के ऊपर से टांग काटने की सर्जरी की गई थी। ऑपरेशन के बाद कटे हुए अंग को नियमों के अनुसार पैक कर बायोमेडिकल वेस्ट कॉम्प्लेक्स में आगे निपटान के लिए रखा गया था। इस कचरे को अधिकृत एजेंसी एनवायरो इंजीनियर्स द्वारा उठाया जाना था।

फैक्ट फाइंडिंग में सामने आया कि 21 फरवरी की रात जब बायोमेडिकल कचरा कॉम्प्लेक्स में लाया जा रहा था, उस समय ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मियों ने परिसर का दरवाजा खुला और बिना निगरानी के छोड़ दिया। आशंका है कि इसी दौरान एक कुत्ता पैक बैग से कटे हुए अंग को उठा ले गया। अगले दिन कॉम्प्लेक्स के बाहर खाली बैग मिलने पर मामला सामने आया।

बताया गया है कि सफाई कर्मियों ने लापता अंग को तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 24 फरवरी को एक कुत्ते को मुंह में वही अंग लेकर घूमते देखा गया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ता आक्रामक हो गया और भाग निकला।

मामले को गंभीर मानते हुए अस्पताल प्रशासन ने नर्सिंग सुपरिटेंडेंट लीला वती, बायोमेडिकल वेस्ट के नोडल अधिकारी राजेश वर्मा और मैट्रन लीला बोध की तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की है। कमेटी को जिम्मेदारी तय करने, लापरवाही की पहचान करने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय सुझाने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, 21 फरवरी की रात ड्यूटी पर मौजूद सफाई कर्मियों और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। उनके जवाब के आधार पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन ने सफाई ठेकेदार को बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित भंडारण और निपटान को सख्ती से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story