दिवाली की मिठाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर, गंदगी उजागर

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 01 नवंबर (हि.स.)। दिवाली पर घरों में मिठाइयां पहुंचाने की तैयारी के बीच राजधानी शिमला के कुछ मिठाई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की स्थिति चिंताजनक मिली है। मिठाइयां बनाने के बर्तन गंदे थे, दुकानों के फर्श पर अत्यधिक गंदगी थी और छतों की हालत भी संतोषजनक नहीं पाई गई। ऐसे में मिठाइयों के निर्माण और उनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शनिवार शाम पंथाघाटी, कुसुम्पटी, खलीणी और बीसीएस क्षेत्रों में स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। दुकानों के परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। मिठाइयां तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे बर्तन भी बेहद गंदे थे। वहीं, फर्श और छतों की स्थिति भी ठीक नहीं मिली।

दिवाली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिठाइयों को तैयार करने, रखने और बेचने के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मिठाइयां बनाने की प्रक्रिया, खाद्य पदार्थों के भंडारण और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण में मिली खामियों से स्पष्ट हुआ कि कुछ दुकानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर अपेक्षित सावधानी नहीं बरती जा रही है।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने फील्ड निरीक्षण और निगरानी अभियान तेज कर दिया है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां तथा अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबार संचालकों से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। मिठाइयां तैयार करने और उनके भंडारण के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा भी मौजूद रहे।

दुकानदारों से मांगा जाएगा जवाब

निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित खाद्य कारोबार संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। विभाग उनसे इन खामियों को लेकर स्पष्टीकरण मांगेगा। साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, मिठाइयां तैयार करने के लिए स्वच्छ बर्तनों का इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य दुकानदारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुधारने के लिए बाध्य करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770313 Articles

Share this story