दिवाली की रात शिमला में कई जगह आग का तांडव, रामपुर में जूते का स्टोर जला

WhatsApp Channel Join Now
दिवाली की रात शिमला में कई जगह आग का तांडव, रामपुर में जूते का स्टोर जला


दिवाली की रात शिमला में कई जगह आग का तांडव, रामपुर में जूते का स्टोर जला


शिमला, 09 नवंबर (हि.स.)। दिवाली की रात आतिशबाजी के बीच शिमला जिले में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। रामपुर, रोहड़ू और शिमला शहर के भराड़ी इलाके में आग लगने से संपत्ति को नुकसान पहुंचा। इन घटनाओं में रामपुर में जूते की दुकान का स्टोर आग की चपेट में आ गया, जबकि रोहड़ू में ठाकुर मार्केट में आग लगने से एक ट्रैवलर वाहन भी इसकी चपेट में आ गया। भराड़ी में जंगल में लगी आग घरों के नजदीक तक पहुंच गई थी। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।

रामपुर के मुख्य बाजार में शिशु पार्क के नजदीक रविवार रात करीब 10 बजे फारूक शेख की जूते की दुकान के पीछे बने स्टोर में आग लग गई। पुलिस चौकी शहर रामपुर को फोन पर इसकी सूचना मिली। इसके बाद चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल यशपाल मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार फारूक शेख पुत्र अब्दुल रशीद निवासी वार्ड नंबर तीन के चार मंजिला मकान की धरातल मंजिल पर जूते की दुकान है और दुकान के पीछे स्टोर बनाया गया है। आग स्टोर में लगी थी। अग्निशमन कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाई। इस घटना में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह दिवाली पर हो रही आतिशबाजी को माना गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

रोहड़ू में ठाकुर मार्केट में भी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में एक ट्रैवलर वाहन भी आ गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

वहीं, शिमला शहर के नजदीक भराड़ी इलाके में देर रात जंगल में आग लग गई। आग आसपास के घरों तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। जंगल के पास करीब आधा दर्जन मकान स्थित हैं। सूचना मिलने पर दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को घरों की ओर फैलने से रोकते हुए बुझा दिया। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774330 Articles

Share this story