दीपावली के दौरान 24 घंटे अलर्ट रहेगा अग्निशमन नियंत्रण कक्ष

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली के दौरान 24 घंटे अलर्ट रहेगा अग्निशमन नियंत्रण कक्ष


हमीरपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के पर्व के दौरान जिले भर में आग की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग और होमगार्ड्स की ओर से इस बार भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। होमगार्ड्स की दसवीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट (नौसेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर) विनय कुमार ने दीपावली पर्व के मद्देनजर हमीरपुर में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जोकि 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिला स्तर पर इस मुख्य नियंत्रण कक्ष के अलावा उपमंडल स्तर पर भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

कमांडेंट ने सभी जिलावासियों से दीपावली का त्योहार मनाते समय कुछ सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि दिवाली के दौरान आतिशबाजी, पटाखे और फुलझड़ियां चलाते समय या दीप प्रज्जवलन से आग लगने की घटनाओं की आशंका रहती है। इस दौरान कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतने से कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

विनय कुमार ने कहा कि दिवाली के दौरान दीयों एवं मोमबत्तियों को सुरक्षित स्थान पर ही जलाना चाहिए। इनके आस-पास कपड़ा, पर्दा, चादर या अन्य ज्वलनशील सामग्री नहीं होनी चाहिए। पूजा के लिए जलाए गए दीये से भी आग लग सकती है। इसलिए, पूजा के स्थान पर भी सावधानी बरती जानी चाहिए।

पटाखे-आतिशबाजी चलाने से पहले आस-पास के क्षेत्र की अच्छी तरह सफाई की जानी चाहिए। इस क्षेत्र में कबाड़ या अन्य कोई भी ज्वलनशील चीज नहीं होनी चाहिए। भीड़-भाड़ वाले इलाके में पटाखे-आतिशबाजी बिलकुल भी नहीं चलाने चाहिए। पटाखे चलाने वाली जगह पर पानी की बाल्टी भी जरूर रखें तथा छोटे बच्चों के पास पटाखे न चलाएं। कोई पटाखा नहीं छूट रहा हो तो उसे हाथ से बिलकुल न छूएं। पटाखे-फुलझड़ियां चलाते समय हमेशा सूती कपड़े पहनें। खतरनाक पटाखे बिलकुल न खरीदें। पटाखे से जलने पर त्वचा को रगड़ें नहीं, बल्कि ठंडे पानी का प्रयोग करें।

कमांडेंट ने कहा कि दिवाली के दौरान कई लोग अपने घरों को बिजली की लाइटों से भी सजाते हैं। लाइटों के संबंध में भी पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इन लाइटों के लिए बिजली की नंगी तारों का बिलकुल भी प्रयोग न करें। इनके कनेक्शन सही होने चाहिए तथा इन्हें इलेक्ट्रिशियन से ही लगवाएं। करंट की आशंका वाली जगह ये लाइटें बिलकुल भी न लगाएं। इन्हें बच्चों से दूर रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773352 Articles

Share this story