नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर युवाओं को करें जागरूक : अपूर्व देवगन

WhatsApp Channel Join Now
नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर युवाओं को करें जागरूक : अपूर्व देवगन


मंडी, 06 जुलाई (हि.स.)। जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र एनकॉर्ड समिति की बैठक उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान, एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय से नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की खेती पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपना विद्यालय योजना के तहत गोद लिये गए स्कूलों में अपनी विजिट्स बढ़ाएं तथा छात्रों को पढ़ाई के टिप्स के साथ साथ नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य तथा समाज कल्याण विभाग नगर निगम, नगर निकायों तथा ग्राम पंचायतों की आम बैठकों में भी प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दें व ड्रग्स फ्री हिमाचल ऐप डाउनलोड लोड करवाएं।

बैठक में बताया गया कि जिला पुलिस ने एक जनवरी से 30 जून, 2026 तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 177 मामले दर्ज किए हैं तथा 261 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। जिनमें 249 पुरुष, 12 महिलाएं शामिल हैं। इस अवधि में अफीम के 04, चिट्टा/हेरोइन के 59, चरस के 93, एमडीएमए के 08 एवं अन्य मादक पदार्थों तथा अवैध पोस्त/भांग की खेती से जुड़े 13 मामले दर्ज किए गए। बैठक में वित्तीय जांच की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 04 मामलों में आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।

वहीं, पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत अब तक 33 मामले सलाहकार बोर्ड को भेजे गए हैं तथा वर्ष 2026 में अब तक 04 आरोपियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story