जिला हमीरपुर के सबसे बड़े क्लस्टर के बागवानों को बांटे 6536 पौधे

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। उद्यान विभाग की महत्वाकांक्षी एचपीशिवा परियोजना के अंतर्गत विकास खंड भोरंज में समकरी क्लस्टर विकसित किया गया है। लगभग 23 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला यह क्लस्टर जिला हमीरपुर का सबसे बड़ा क्लस्टर है। क्लस्टर में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेन डिलीवरी टैंक, मॉड्यूलर टैंक तथा पंप हाउस के माध्यम से बागवानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस क्लस्टर के लाभार्थी बागवानों को सोमवार को अमरूद की रेड डायमंड एवं श्वेता किस्म के कुल 6536 पौधे वितरित किए गए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने बागवानों को वैज्ञानिक विधि से पौधारोपण, पौधों की उचित देखभाल तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। पौधों के वितरण के दौरान उद्यान विभाग के एसएमएस डॉ. अमित कुमार, उद्यान विकास अधिकारी डॉ. ज्योति देवी, डॉ. विपिन कुमार, सहायक उद्यान विकास अधिकारी दुनी चंद, फैसिलिटेटर और फील्ड ऑपरेटर उपस्थित रहे।

डॉ. अमित कुमार ने कहा कि एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से समकरी क्लस्टर में उच्च गुणवत्ता वाले फल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बागवानों की आय में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story