कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की प्रदेश व जिला कार्यकारिणी भंग

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 06 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड विंग की प्रदेश कार्यकारिणी और सभी जिला अध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष लालजी भाई देसाई द्वारा लिया गया है।

इस संबंध में जारी आदेशों में यंग ब्रिगेड की प्रदेश अध्यक्ष नेहा मेहता को निर्देश दिए गए हैं कि वह शीघ्र ही प्रदेश यंग ब्रिगेड की नई कार्यकारिणी का गठन करें। आदेशों में कहा गया है कि संगठन को नई ऊर्जा देने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष और एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि यंग ब्रिगेड की नई कार्यकारिणी के गठन में प्रदेश के सभी क्षेत्रों और वर्गों के ऊर्जावान युवाओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी जो कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पित हों, अनुशासन के साथ काम करने की क्षमता रखते हों और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड विंग की नव नियुक्त अध्यक्ष नेहा मेहता ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस हाईकमान और सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी भाई देसाई का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा और प्रदेश के वरिष्ठ पार्टी नेताओं का भी धन्यवाद किया।

नेहा मेहता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि नई कार्यकारिणी के गठन से पहले सभी से चर्चा की जाएगी और यंग ब्रिगेड के पदाधिकारियों का चयन आपसी सहमति से किया जाएगा। इसके बाद गठित कार्यकारिणी की सूची स्वीकृति के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लालजी देसाई को भेजी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story