बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही दीपावली की असली खुशी : प्रियांशु खाती

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही दीपावली की असली खुशी : प्रियांशु खाती


मंडी, 03 नवंबर (हि.स.)। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती की अध्यक्षता में दीपावली के पावन पर्व पर सुंदरनगर स्थित विशेष योग्यता प्राप्त बच्चों के संस्थान और बालिका देखभाल संस्थान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी मंडी के सौजन्य से संस्थानों में रह रहे बच्चों को दिवाली के उपहार और मिठाइयां वितरित की गईं। अतिरिक्त उपायुक्त ने बच्चों के साथ संवाद किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों संस्थानों में बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण भी किया तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रियांशु खाती ने कहा कि दीपावली की असली खुशी तभी है, जब हमारी छोटी-सी कोशिश किसी के जीवन में खुशियों के रंग भर सके। यह पर्व केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि एक-दूसरे के जीवन में रोशनी और खुशियां बांटने का संदेश देता है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखना उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में प्रेम, अपनत्व और सेवा भावना को मजबूत बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को त्योहारों की महत्ता और परंपराओं से परिचित करवाने के साथ उनमें समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। उन्होंने बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, जिला कल्याण अधिकारी समीर, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी भाटिया तथा विशेष योग्यता प्राप्त बच्चों के संस्थान की प्रधानाचार्या नीलम लगवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story