राजेश धर्माणी ने किया पॉलीटैक्निक कॉलेजों की खेल प्रतियोगिता का उदघाटन

WhatsApp Channel Join Now
राजेश धर्माणी ने किया पॉलीटैक्निक कॉलेजों की खेल प्रतियोगिता का उदघाटन


हमीरपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। बहुतकनीकी महाविद्यालयों के छात्रों की 28वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को यहां राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर (बड़ू) के मैदान में आरंभ हो गई। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें प्रदेश भर के 15 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 510 विद्यार्थी बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और अन्य खेलों में भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियांे के बगैर शिक्षा अधूरी होती है। पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ ये गतिविधियां विद्यार्थियों में कई ऐसे महत्वपूर्ण गुण विकसित करती हैं जोकि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में मदद करते हैं। इसलिए, प्रदेश सरकार ने बहुतकनीकी महाविद्यालयों में भी शारीरिक शिक्षकों और संगीत शिक्षकों को भरने का निर्णय लिया है।

राजेश धर्माणी ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों में वर्तमान दौर की जरुरतों के अनुसार नए कोर्स आरंभ किए जा रहे हैं। उद्यमशीलता एवं स्टार्ट अप को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग ने 2 करोड़ रुपये के फंड का विशेष प्रावधान किया है। विद्यार्थियों की बेहतर इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप के लिए विभाग में अलग से उपनिदेशक का पद सृजित किया गया है। कॉरपोरेट सेक्टर में बेहतर प्लेसमेंट के लिए रोजगार सेतु ऐप विकसित किया गया है जोकि इंडस्ट्री और प्रशिक्षित युवाओं के लिए एक कॉमन प्लेटफॉर्म होगा।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को आईटीआई से लेकर बहुतकनीकी महाविद्यालयों और इंजीनियरिंग कॉलेजों तक अपनी तकनीकी शैक्षणिक योग्यता को अपग्रेड करने के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार, इन संस्थानों के उच्च शिक्षा प्राप्त शिक्षकों को भी अपने कॅरियर को अपग्रेड करने के लिए विशेष प्रावधान करने पर विचार किया जा रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने बड़ू के मैदान में मंच के निर्माण और बास्केटबॉल के मैदान के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि का प्रावधान करने तथा प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से ट्रैक सूट देने की घोषणा भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story