धान मंडी में किसानों की परेशानी पर फूटा गुस्सा, तीन-तीन दिन से खरीद का इंतजार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि उपज मंडी पोंटा साहेब में धान बेचने पहुंच रहे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से मंडी में धान की खरीद की रफ्तार धीमी होने के कारण किसानों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। कई किसान दो से तीन दिन से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी धान की खरीद नहीं हो पाई है। किसानों का कहना है कि उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए कई दिनों तक मंडी में रुकना पड़ रहा है, जिससे समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

मंडी में पहुंचे किसानों ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी समस्याएं सामने रखीं। किसानों ने कहा कि कोई दो दिन से तो कोई तीन दिन से मंडी में धान बेचने के लिए इंतजार कर रहा है, लेकिन अभी तक कई किसानों का नंबर नहीं आया है। किसानों ने मांग की कि धान की खरीद की प्रक्रिया तेज की जाए और ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि एक दिन के भीतर ही किसानों की फसल खरीदी जा सके।

किसानों ने मंडी में ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं होने और कैंटीन में सुविधाएं सही ढंग से उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि दूर-दराज के क्षेत्रों से अपनी धान की फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को कई दिनों तक मंडी में रुकना पड़ता है। ऐसे में बैठने, ठहरने और भोजन की बेहतर व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।

मंडी समिति अध्यक्ष सीता राम शर्मा ने कहा कि मंडी में पुराना गेस्ट हाउस डिस्मेंटल किया जा रहा है, जिस कारण किसानों को ठहरने के मामले में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हालांकि, किसानों के बैठने के लिए हॉल खाली उपलब्ध है और कैंटीन में भी किसानों को भोजन मुहैया करवाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यवस्थाओं में जहां भी कमी होगी और जो भी अतिरिक्त जरूरत सामने आएगी, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story