देवी-देवताओं की मौजूदगी में देव समागम, मंडी के पड्डल मैदान में साई भक्तों का उमड़ा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
देवी-देवताओं की मौजूदगी में देव समागम, मंडी के पड्डल मैदान में साई भक्तों का उमड़ा जनसैलाब


देवी-देवताओं की मौजूदगी में देव समागम, मंडी के पड्डल मैदान में साई भक्तों का उमड़ा जनसैलाब


मंडी, 27 सितंबर (हि.स.)। मंडी जनपद से आए सैंकड़ों देवी देवताओं की मौजूदगी में मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में रविवार शाम को दो दिवसीय देव समागम संपन्न हो गया। इस समागम में पूरे प्रदेश के अलावा देश के भी कई भागों से आए साई भक्तों ने भाग लिया। दो दिन तक चले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए मंडी में जनसैलाब उमड़ आया। पूरा शहर भक्तिरस से सराबोर रहा। रविवार को सुबह नगर कीर्तन प्रभात फेरी से भजनों के साथ शुरू हुए दूसरे दिन के कार्यक्रम में पूरे जनपद देव ध्वनि के साथ पड्डल मैदान पहुंचे सौ से भी अधिक देवी देवताओं का स्वागत व अभिनंदन किया गया। देवी देवताओं के लिए बनाए विशेष पंडाल में सम्मानपूर्वक उनके विराजमान होने के बाद देव ध्वनि की गई जिससे पूरा वातावरण गूंज उठा। श्री सत्य साई सेवा समिति के प्रदेशाध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने इस आयोजन की पूरी जानकारी दी जबकि हजारों लोगों से खचाखच भरे पंडाल में पहाड़ी शैली से निर्मित मंच से श्री सत्य सेवा समिति के केंद्रीय ट्स्ट प्रबंध न्यासी प्रशांति निल्यम, आंध्र प्रदेश आर जे रत्नाकर ने अपने उदबोधन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उतर क्षेत्र अध्यक्ष डॉ संजय अग्रवाल ने भी अपना संबोधन दिया। भजन कीर्तन के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इस आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम मंगल आरती व देवी देवताओं को श्रद्धापूर्वक विदाई एवं प्रसाद ग्रहण से संपन्न हुआ। बीच बीच में आई बारिश से भी इस देव समागम का उल्लास व उत्साह कम नहीं हुआ। पंडाल के बाहर विशेष प्रदर्शनी व अन्य प्रदर्शन श्रद्धालुओं के आकर्षण में निरंतर भीड़ से भरपूर रहे। विश्व शांति, सामूहिक कृतज्ञता व आध्यात्मिक नवजागरण का पावन महोत्सव ने मंडी में एक बार फिर से महाशिवरात्रि पर्व का माहौल बना दिया। कार्यक्रम संयोजक योगेंद्र पाल सरोच ने बताया कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष निमिष पांड्या व कोटेश्वर राव विशेष तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि समारोह में हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे 43 सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों को 121 सिलाई मशीनें मुफ्त में भेंट की। दो दिन तक विशेष भंडारा मंडयाली धाम परोसी गई। उन्होंने दावा किया कि इस समारोह में 18 हजार लोग शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story