मंडी में तीन से पांच जुलाई को आयोजित होगा देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल
मंडी, 17 जून (हि.स.)। मंडी के मोतीपुर स्थित संस्कृति सदन में तीन से पांच जुलाई तक क्षेत्रीय व भारतीय सिनेमा की धूम रहेगी। वहीं पर फिल्म के पर्दे पर चमकने वाले हिंदी फिल्मों के सितारे तीन दिन तक मंडी वासियों के बीच रहकर उनसे संवाद भी स्थापित करेंगे।
मंडी शहर के मशहूर फिल्म निर्देशक पवन शर्मा ने बताया कि आगामी तीन से पांच जुलाई तक देवभूमि इंटर नेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य ग्रासरूट पर आमलोगों को जोड़ने के अलावा सार्थक सिनेमा को दिखाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लघु फिल्में अपने आपमें सामाजिक संदेश देती है। क्योंकि सामाजिक बदलाव में भूमिका भारतीय सिनेमा का दायित्व है। केवल गाड़ियां विस्फोट से उड़ा देना ही सिनेमा नहीं है। उन्होंने बताया कि देवभूमि फिल्म फेस्टिवल के दौरान 20-25 फिल्में दिखाई जाएगी। जिन्हें परिवार के साथ लोग देख सकेंगे। पवन शर्मा ने बताया कि सुबह ग्यारह से रात आठ बजे तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल के लिए डेलिगेट फ्री पास जारी किए जाएंगे।जिससे लोग परिवार सहित इन अच्छी फिल्मों का आनंद उठा सकते हैं।
ये सितारे रहेंगे मौजूद
पवन शर्मा ने बताया कि दो साल पूर्व मंडी के संस्कृति सदन में हिमाचल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया था, जो काफी सफल रहा। उस दौरान जो अभिनेता यहां आए थे, वे अब तीन दिन मंडी वासियों के बीच रहेंगे। इस बार अभिनेता संजय मिश्रा, आदित्य श्रीवास्तव, अभिजीत, यशपाल शर्मा और राजेश जैन आदि मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म निर्माण को लेकर भी टिप्स दिए जाएंगे, आए हुए अभिनेताओं से संवाद करके कई तरह की जानकारियां दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यही देवभूमि फिल्म फेस्टिवल पड़ोसी राज्यों में भी आयोजित किया जाएगा। मंडी की सभी समाज सेवी संस्थाओं के अलावा थियेटर से जुड़े हुए कलाकार व अन्य लोगों को साथ लेकर इसका आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा साहित्य, संगीत, फोटोग्राफी, महिला सशक्तिकरण आदि को लेकर विभिन्न विभूतियों को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

