जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने केंद्रीय विद्यालय में किया वोकेशनल लैब का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने केंद्रीय विद्यालय में किया वोकेशनल लैब का शुभारंभ


हमीरपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पीएमश्री योजना के तहत विद्यालय को इस वित्त वर्ष के लिए लगभग 33.92 लाख रुपये का बजट आवंटित हुआ है। यह धनराशि विद्यालय परिसर में ढांचागत विकास, मरम्मत, अन्य कार्यों, शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक, अध्यापक प्रशिक्षण, शैक्षणिक भ्रमण, अध्यापक-अभिभावक संवाद और अन्य गतिविधियों पर खर्च की जाएगी।

जिलाधीश ने विद्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद ही यह धनराशि खर्च होनी चाहिए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पिछले वित्त वर्ष के दौरान खर्च की गई धनराशि की रिपोर्ट भी तलब की तथा इससे संबंधित कार्यों एवं पुराने ऑडिट पैरा की समीक्षा के लिए एक कमेटी के गठन के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालय की चारदिवारी के निर्माण, विद्यालय परिसर से बिजली के ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट करने और अन्य मुद्दों के समाधान के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे। विद्यालय के परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए जिलाधीश ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों अरविंद कुमार, अनिल कुमार, नरेंद्र कुमार और एकता सिंह को सम्मानित भी किया।

बैठक में समिति के सदस्य सचिव एवं प्रधानाचार्य संजय कुमार ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह, स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती, सीपीडब्ल्यूडी, परिवहन, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारियों के अलावा शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

बैठक के बाद जिलाधीश ने विद्यालय परिसर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित वोकेशनल लैब का शुभारंभ भी किया। उन्होंने स्कूल परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र का निरीक्षण भी किया और यहां जारी विभिन्न कार्यों तथा अन्य मुद्दों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story