नशा विरोधी मुहिम में विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक दें योगदान : गंधर्वा राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
नशा विरोधी मुहिम में विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक दें योगदान : गंधर्वा राठौड़


हमीरपुर, 12 जून (हि.स.)। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला में नशे की समस्या के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की कड़ी में शुक्रवार को यहां बचत भवन में हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों और नशा निवारण समितियों के सदस्यों के साथ संवाद किया।

जिला रैडक्रॉस सोसाइटी द्वारा शिक्षा विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर, कुठेड़ा, बोहनी, चबूतरा, डिडवीं, मटाहणी, कोट, राजकीय उच्च पाठशाला डुग्घा, गुलेला और सासन के विद्यार्थियों और नशा निवारण समितियों के सदस्य शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन समितियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि नशे के सेवन एवं तस्करी के विरुद्ध पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियां लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन इस समस्या को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए आम लोगों की भागीदारी भी बहुत जरूरी है। उपायुक्त ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्यों से शिक्षण संस्थानों के आस-पास कड़ी नजर रखने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर तुरंत सूचना देने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि पुलिस से सीधी शिकायत के अलावा टॉल फ्री नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर भी सूचना दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने भी विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। कई विद्यार्थियों ने भी नशे की समस्या और इसके निवारण पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। नशा निवारण समितियों के सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

-0-

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story