प्रदेश में आठ अनुबंध डेंटल डॉक्टरों के नियमितीकरण आदेश जारी
शिमला, 07 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अनुबंध आधार पर सेवाएं दे रहे आठ चिकित्सा अधिकारियों (डेंटल) को नियमित कर दिया है। इन अधिकारियों ने 30 सितंबर 2026 तक अनुबंध पर दो साल का सेवाकाल पूरा कर लिया था। स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों और कार्मिक विभाग के निर्देशों के बाद विभाग ने उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से नियमित करने के आदेश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आठ चिकित्सा अधिकारियों को हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित) वेतन नियम, 2022 के तहत पे मैट्रिक्स के लेवल-18 में नियमित किया गया है। इनमें डॉ. श्रुति सोनी को सीएचसी जमनी (मंडी), डॉ. अक्षिता सिंह को नागरिक अस्पताल जयसिंहपुर (कांगड़ा), डॉ. शबनम को नागरिक अस्पताल संधोल (मंडी) और डॉ. श्रेया महाजन को नागरिक अस्पताल डलहौजी (चंबा) में नियमित किया गया है।
इसी तरह डॉ. कल्पना को सीएचसी कुमारसैन (शिमला), डॉ. सिमरन नी सुजान कुमारी को सीएचसी बिझड़ी (हमीरपुर), डॉ. अंजलि को सीएचसी सैंज (कुल्लू) और डॉ. शबनम चौधरी को पीएचसी जाहू (हमीरपुर) में नियमित किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों को संबंधित वेतनमान के न्यूनतम स्तर पर वेतन मिलेगा। इसके साथ ही नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य भत्ते भी देय होंगे। नियमित किए गए सभी चिकित्सा अधिकारियों को कार्यभार संभालने की तारीख से दो साल की परिवीक्षा अवधि पूरी करनी होगी।
आदेशों में निजी प्रैक्टिस को लेकर भी शर्तें रखी गई हैं। 24 मई 2023 या इसके बाद नियुक्त चिकित्सा अधिकारी निजी प्रैक्टिस नहीं कर सकेंगे। ऐसे अधिकारियों को नॉन-प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) भी नहीं मिलेगा। विभाग ने स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के आधार पर यह नियमितीकरण आदेश जारी किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

