नाहन में शिलान्यास पट्टिका तोड़ी, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन शहर के शमशेर विला राउंड में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। अज्ञात शरारती तत्वों ने सौंदर्यीकरण कार्य की शिलान्यास पट्टिका तोड़ दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी ललित गोयल ने 04 अक्टूबर को पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि 04 अगस्त 2026 को विधायक अजय सोलंकी ने विला राउंड, नाहन में सौंदर्यीकरण कार्य की शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया था। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने पट्टिका को तोड़कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पट्टिका को कब और किन परिस्थितियों में तोड़ा गया।

गौरतलब है कि शमशेर विला राउंड नाहन शहर का प्रमुख सैरगाह है, जहां सुबह और देर शाम तक बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस आसपास के क्षेत्र में मौजूद संभावित साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story