नेरी कोटली पंचायत में शराब के ठेके के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीण, उपायुक्त व एक्साइज विभाग को भेजे ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 27 जुलाई (हि.स.)। राजगढ़ की ग्राम पंचायत नेरी कोटली में संचालित शराब के ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर पंचायत के लोग लामबंद हो गए हैं। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करने के बाद पंचायत ने उपायुक्त सिरमौर और आबकारी विभाग को ज्ञापन भेजकर पंचायत क्षेत्र से शराब का ठेका हटाने की मांग की है।

पंचायत प्रधान सुरेश कुमार और उपप्रधान राजकुमार ठाकुर ने बताया कि हाल ही में आयोजित ग्राम सभा में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों ने शराब का ठेका बंद करने के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया।

उन्होंने बताया कि पंचायत के पांच महिला मंडलों शाया छबरोन, नेरी कोटली, सनौत, डरेना और बाग ने भी ठेका बंद करने के पक्ष में अपनी सहमति दी है। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरी कोटली की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है।

पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर उपायुक्त सिरमौर और आबकारी (एक्साइज) विभाग को लिखित आवेदन भेजा गया है। आवेदन में पंचायत क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शराब का ठेका बंद करने की मांग की गई है।

उपप्रधान राजकुमार ठाकुर ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के लोग सामाजिक हित और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग को लेकर एकजुट हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित विभाग क्षेत्रवासियों की भावनाओं के अनुरूप उचित निर्णय लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story