दिल्ली में आयोजित होने वाले संसद मार्च का हिस्सा बनेंगे छात्र-नौजवान

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में आयोजित होने वाले संसद मार्च का हिस्सा बनेंगे छात्र-नौजवान


मंडी, 22 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में आगामी सात दिसंबर को आयोजित होने वाले संसद मार्च में हिमाचल से छात्र और नौजवान शामिल होंगे। मंडी जिला के बालीचौकी में रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन प्रदेश इकाई की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता राज्य उपाध्यक्ष कॉमरेड भाग सिंह ठाकुर ने की। बैठक में दिल्ली में होने वाले संसद मार्च की तैयारियों सहित छात्र-नौजवानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि देशभर के छात्र और नौजवान संगठन सात दिसंबर को दिल्ली में विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर संयुक्त रूप से संसद मार्च आयोजित करेंगे। इस मार्च के माध्यम से एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने, केजी से पीजी तक मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा सुनिश्चित करने, सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने, सबके लिए काम के अधिकार तथा सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने की मांग उठाई जाएगी।

इसके अतिरिक्त भगत सिंह राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम बनाने और उसे संसद में पारित करने, चुनाव सुधार लागू करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को भी संसद मार्च के प्रमुख मुद्दों में शामिल किया गया है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देश के विद्यार्थियों, बेरोजगार नौजवानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े इन सवालों को संसद तक पहुंचाना जरूरी है। बैठक के दौरान बालीचौकी क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से संगठनात्मक पुनर्गठन भी किया गया। इसमें बालीचौकी शाखा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी कॉमरेड झाबे राम को तथा सचिव की जिम्मेदारी कॉमरेड गुलशन कुमार को सौंपी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story